अशोकनगर/चंदेरी। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से चंदेरी पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से शहर में फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई।
फ्लैग मार्च की शुरुआत चंदेरी थाने से हुई। इसके बाद यह पसियापुरा, नमक मंडी, गली मूसा बावड़ी, सदर बाजार, मैदान गली, धुवयाना मोहल्ला, ढौलिया दरवाजा, शहर के बाहरी क्षेत्र और दिल्ली दरवाजा सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा।
फ्लैग मार्च का नेतृत्व अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) मनीष धनगर, एसडीओपी महेश शर्मा, थाना प्रभारी प्रशांत यादव एवं तहसीलदार दिलीप दरोगा ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल ने शहर में मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
मार्च के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने नागरिकों से मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।
फ्लैग मार्च के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस और प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया। अधिकारियों ने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान जिले में शांति, सौहार्द और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
