दतिया। पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे सघन चेकिंग और गश्त अभियान के तहत दतिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो आरोपियों को अवैध हथियार, कारतूस और एक वाहन सहित गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात जिलेभर में चलाए गए सरप्राइज चेकिंग अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत सिंह चावला ने विभिन्न चेकिंग पॉइंटों का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसी अभियान के दौरान सिविल लाइन थाना क्षेत्र के भेड़पुरा चेकिंग पॉइंट पर पुलिस ने गद्दू उर्फ गंधर्व पाल और कपिल वंशकार को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 315 बोर के दो देशी कट्टे, 20 जिंदा कारतूस तथा एक ब्लैक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बरामद हथियारों का उपयोग किसी आपराधिक घटना में तो नहीं किया गया था।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने ड्रिंक एंड ड्राइव के तीन मामलों में कार्रवाई करते हुए 14 वाहनों के चालान किए और कुल 6,800 रुपये का समन शुल्क वसूला।
पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे। अवैध हथियार रखने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दतिया पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
