पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले की रत्नगर्भा धरती ने एक बार फिर एक परिवार की किस्मत चमका दी है। जरुआपुर गांव स्थित एक उथली हीरा खदान से 6.54 कैरेट का उज्ज्वल किस्म का बेशकीमती हीरा मिला है, जिसकी अनुमानित कीमत 20 से 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, यह हीरा नोएडा निवासी मीणा सिंह के नाम से संचालित खदान से प्राप्त हुआ है। हीरे को नियमानुसार पन्ना हीरा कार्यालय में जमा करा दिया गया है, जहां जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसे आगामी हीरा नीलामी में रखा जाएगा।
बताया जा रहा है कि मीणा सिंह के पति राणा सिंह वर्ष 2021 में कोरोना काल के बाद पन्ना आए थे। यहां की प्रसिद्ध हीरा खदानों और लोगों की बदली किस्मत की कहानियों से प्रेरित होकर उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में हीरा खदानों का संचालन शुरू किया। तब से अब तक उन्हें 15 छोटे-बड़े हीरे मिल चुके हैं।
खदान की देखरेख कर रहे मुनीम गौतम मिस्त्री ने बताया कि जरुआपुर गांव की निजी भूमि पर पट्टे के माध्यम से खदान संचालित की जा रही थी। मजदूरों द्वारा लगातार उत्खनन कार्य किया जा रहा था, जिसके दौरान यह 6.54 कैरेट का चमकदार हीरा प्राप्त हुआ।
हीरा निरीक्षक नूतन जैन ने बताया कि प्राप्त हीरे को हीरा कार्यालय में जमा कर लिया गया है। आवश्यक परीक्षण और मूल्यांकन के बाद इसे आगामी नीलामी में शामिल किया जाएगा, ताकि इसे अधिकतम मूल्य पर बेचा जा सके।
पन्ना जिले में हीरा मिलने की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं, जिससे यहां की धरती को रत्नगर्भा कहा जाता है। एक बार फिर मिले इस बेशकीमती हीरे ने साबित कर दिया है कि पन्ना की धरती आज भी लोगों की किस्मत बदलने का माद्दा रखती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की सफलताएं नए खदान संचालकों और मजदूरों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनती हैं। अब सभी की नजर आगामी नीलामी पर टिकी है, जहां इस हीरे की वास्तविक कीमत का पता चल सकेगा।
