Panic At Shahjahanpur Fair As Dust Storm And Rain Hit, Rides Continued Despite Bad Weather
शाहजहांपुर: में सोमवार देर शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज धूल भरी आंधी, बारिश और बिजली की तेज गड़गड़ाहट के बीच खिरनीबाग मैदान में लगी नुमाइश प्रदर्शनी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। खराब मौसम के बावजूद झूले चलते रहने से मेले में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
घटना थाना सदर बाजार क्षेत्र स्थित खिरनीबाग मैदान की है, जहां बड़ी संख्या में लोग नुमाइश देखने पहुंचे थे। अचानक तेज हवाएं चलने लगीं और बारिश शुरू हो गई। आसमान में लगातार बिजली चमकने से लोग डर गए और मेले से बाहर निकलने की कोशिश करने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौसम खराब होने के बावजूद कई झूले चलते रहे, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई। मेले में मौजूद परिवारों और बच्चों में डर का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात पर नजर रखी। इस दौरान लोगों ने मेले में सुरक्षा व्यवस्था और मौसम अलर्ट के दौरान झूलों के संचालन को लेकर सवाल उठाए।
गौरतलब है कि इससे पहले भी फैक्ट्री एस्टेट क्षेत्र में लगी नुमाइश में तेज आंधी के दौरान झूला गिरने की घटना सामने आ चुकी है। ऐसे में एक बार फिर मेले की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
