बुरहानपुर। बुरहानपुर जिले की नेपानगर थाना पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 60 लीटर कच्ची शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी थाना क्षेत्र की गुंडा सूची में शामिल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात नेपानगर थाना पुलिस को अवैध शराब परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी के निर्देशन में पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।
पुलिस ने चूना भट्टा स्थित गजानन मंदिर के पास घेराबंदी कर डवली कला निवासी जितेन केसरिया को मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 120 पाउच में भरी आधा-आधा लीटर कुल 60 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।
पुलिस ने अवैध शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी जितेन केसरिया थाना क्षेत्र की गुंडा सूची में दर्ज है। नेपानगर पुलिस ने इसे अवैध शराब कारोबार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कार्रवाई बताया है और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
