सिद्धार्थनगर, उत्तर प्रदेश। सिद्धार्थनगर जिले के ढेबरुआ थाना क्षेत्र स्थित मुहचोरवा घाट हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि हत्या के पीछे कथित अवैध संबंध, घरेलू विवाद और सुपारी देकर हत्या कराने की साजिश का मामला सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त की रात कपियवा निवासी हरिश्चन्द्र अग्रहरि की हत्या कर उनके शव को बूढ़ी राप्ती नदी में फेंक दिया गया था। घटना को दुर्घटना का रूप देने के लिए ई-रिक्शे को नदी की ओर लटकाकर छोड़ दिया गया था।
मामले की जांच के दौरान एसओजी, सर्विलांस टीम और ढेबरुआ थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इरशाद, अब्दुल्ला, नियाज अहमद और मृतक की पत्नी माया देवी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आया कि मृतक की पत्नी और एक आरोपी के बीच कथित अवैध संबंध थे। घरेलू विवाद के चलते हत्या की साजिश रची गई और कथित तौर पर 1.10 लाख रुपये में हत्या की सुपारी तय की गई थी।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू, छह मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, नकदी और एयर इंडिया का एक टिकट बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं को बढ़ाते हुए सभी आरोपियों को न्यायालय भेजने की कार्रवाई की जा रही है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।
नोट: यह समाचार पुलिस द्वारा किए गए दावों और प्रारंभिक जांच पर आधारित है। आरोपियों के विरुद्ध आरोप अभी न्यायालय में सिद्ध होना शेष हैं।
रिपोर्ट: 4TV News
स्थान: सिद्धार्थनगर, उत्तर प्रदेश
