बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश। बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण ने अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 13 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही दो अलग-अलग अवैध कॉलोनियों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कॉलोनाइजरों के बीच हड़कंप मच गया।
प्राधिकरण के अनुसार, शिकारपुर रोड स्थित गांव बगराई में रिंकू शर्मा द्वारा करीब 8 बीघा भूमि पर की जा रही कथित अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा रईस और शफीक की करीब 5 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर भी बुलडोजर कार्रवाई की गई।
इसी अभियान के दौरान दो अलग-अलग व्यावसायिक अवैध निर्माणों को भी सील किया गया। प्राधिकरण का कहना है कि बिना स्वीकृति और नियमों का उल्लंघन कर किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
विकास प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माणों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है, ताकि बिना अनुमति किए जा रहे विकास कार्यों पर रोक लगाई जा सके।
रिपोर्ट: 4TV News
स्थान: खुर्जा, बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश
