सीतापुर। सीतापुर जिले के अटरिया थाना क्षेत्र में परिजनों से नाराज होकर घर से निकली 14 वर्षीय बालिका को पुलिस ने देर रात सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से संभावित अनहोनी टल गई।
जानकारी के अनुसार, अटरिया थाना क्षेत्र के एक गांव की 14 वर्षीय बालिका किसी बात से नाराज होकर शुक्रवार देर शाम घर से निकल गई थी। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष लाल बहादुर मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल खोज अभियान शुरू किया। लगातार तलाश के दौरान पुलिस ने देर रात करीब 12 बजे गोमती नदी किनारे स्थित जंगल क्षेत्र से बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।
बरामदगी के बाद पुलिस ने बालिका की काउंसलिंग की और आवश्यक समझाइश देने के बाद उसे सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस की तत्परता और संवेदनशील कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
रिपोर्ट: नन्द किशोर नाग
