Minor Boy Climbs Mobile Tower Over Love Affair, Brought Down After Hours Of Persuasion
दमोह। जिले के बटियागढ़ ब्लॉक अंतर्गत नीमखेड़ा गांव में एक नाबालिग किशोर अपनी प्रेमिका से बात न हो पाने और उससे शादी करने की जिद को लेकर मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और देर रात से लेकर सुबह तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
जानकारी के अनुसार, नाबालिग किशोर कुछ समय पहले मजदूरी के लिए गुजरात गया था, जहां उसकी एक नाबालिग लड़की से दोस्ती हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। किशोर का आरोप है कि लड़की के परिजनों ने उसका मोबाइल नंबर ब्लैकलिस्ट कर दिया, जिससे दोनों की बातचीत बंद हो गई।
प्रेमिका से संपर्क न हो पाने से परेशान किशोर बुधवार देर रात गांव के मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया और लड़की से बात कराने तथा शादी कराने की मांग पर अड़ गया। टॉवर पर चढ़े किशोर को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही बटियागढ़ तहसीलदार योगेंद्र चौधरी, रजपुरा थाना प्रभारी शिलास विनीत तथा ग्राम सरपंच महेंद्र कटारे मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और ग्रामीणों ने कई घंटों तक समझाइश देकर किशोर को शांत करने का प्रयास किया।
काफी मशक्कत के बाद गुरुवार सुबह किशोर को सुरक्षित टॉवर से नीचे उतार लिया गया। इसके बाद अधिकारियों ने उसे और उसके परिजनों को समझाइश दी।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि लड़का और लड़की दोनों नाबालिग हैं, इसलिए कानूनन उनकी शादी संभव नहीं है। किशोर को बालिग होने तक इंतजार करने की सलाह दी गई तथा परिजनों से चर्चा कर मामले को शांत कराया गया।
पुलिस और प्रशासन की सतर्कता से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
