उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले में स्थित एक टायर फैक्ट्री में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। गजनेर थाना क्षेत्र के जरिहा गांव स्थित ओम JVRD टायर फैक्ट्री में तेल टैंक में लोडिंग के दौरान अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और तेल टैंक में जोरदार धमाका हो गया।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, हादसे के समय फैक्ट्री में कई मजदूर काम कर रहे थे। आग और विस्फोट की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं, कुछ अन्य मजदूरों के फैक्ट्री के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही गजनेर और रनियां थाना पुलिस के साथ दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर आग पर काबू पाने और संभावित रूप से फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। फैक्ट्री में हुए विस्फोट और आग से हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।
रिपोर्ट: हरिकृष्ण कश्यप
स्थान: कानपुर देहात
