आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिकंदरा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति का कंकाल उसके ही घर के बाथरूम से बरामद हुआ है। मामले में मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मृतक सुरेंद्र कुमार शर्मा की गुमशुदगी की रिपोर्ट 26 मई को दर्ज कराई गई थी। परिजनों को उनकी पत्नी रुबी ने बताया था कि सुरेंद्र घर छोड़कर कहीं चले गए हैं और वापस लौट आएंगे। गुमशुदगी के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज समेत विभिन्न पहलुओं की जांच की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
करीब डेढ़ महीने बाद महिला ने अपने जेठ को बताया कि सुरेंद्र का शव घर के बाथरूम में दफन है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बाथरूम का फर्श खुदवाया। खुदाई के दौरान वहां से मानव कंकाल बरामद हुआ।
प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति शराब के नशे में अक्सर मारपीट करता था। उसका दावा है कि पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी और डर के कारण उसने शव को बाथरूम में दफना दिया।
हालांकि पुलिस महिला के दावों की पुष्टि नहीं कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। बरामद कंकाल को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
