सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में प्रशासन ने खाद की कालाबाजारी और नियमों के उल्लंघन की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 676 बोरी यूरिया और 80 बोरी डीएपी खाद जब्त कर ली। कार्रवाई के दौरान संबंधित गोदाम को भी सील कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, रामानुजनगर थाना क्षेत्र के द्वारिकापुर निवासी कमलेश्वर साहू के दुकान और गोदाम पर जांच की गई। जांच के दौरान खाद की बिक्री में निर्धारित नियमों का पालन नहीं करने तथा अधिक कीमत पर बिक्री किए जाने की शिकायत सही पाए जाने पर कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान गोदाम में रखी 750 बोरी धान, 20 बोरी चावल और 2 बोरी चना के संबंध में भी मंडी लाइसेंस और वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके चलते इन कृषि उपजों को भी जब्त कर लिया गया।
यह कार्रवाई कलेक्टर रेना जमील के निर्देश पर कृषि अधिकारी संपदा पैकरा, स्थानीय तहसीलदार मनहरण सिंह राठिया और उनकी संयुक्त टीम ने की। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
