Man Brutally Kills Street Dog in Muzaffarnagar, CCTV Video Sparks Outrage
मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश): मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने स्ट्रीट डॉग के साथ क्रूरता करते हुए उसकी जान ले ली। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी पंकज पाल ने एक स्ट्रीट डॉग को पकड़कर बार-बार जमीन पर पटक दिया। इस बेरहमी से जानवर गंभीर रूप से घायल हो गया और तड़पने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
घायल कुत्ते को इलाज के लिए पशु चिकित्सक के पास ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठी।
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि युवक किस तरह बेजुबान जानवर के साथ निर्दयता कर रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पंकज पाल पेशे से ड्राइवर है और घटना के बाद से फरार है।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
