महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र की रेलवे कॉलोनी में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। आरोप है कि एक युवक ने पहले लोहे की रॉड से महिला के पति पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और फिर महिला को जबरन रेलवे के बंद पड़े भवन में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, घायल पति की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद पुलिस ने महिला की तलाश शुरू की और काफी खोजबीन के बाद उसे रेलवे के बंद पड़े भवन से बरामद किया। महिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जबकि घायल पति का भी उपचार कराया गया।
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। विवेचना पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
