Major Theft In Betul: Thieves Steal 200 Kg Copper And Brass From Repair Shop, Caught On CCTV
मध्यप्रदेश: के बैतूल जिले के सदर बेल बाजार क्षेत्र में देर रात हुई बड़ी चोरी की वारदात से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। अज्ञात चोरों ने एक मोटर रिपेयरिंग दुकान के ताले तोड़कर करीब 85 हजार रुपये कीमत का कॉपर और पीतल का सामान चोरी कर लिया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें चोर ताले तोड़ते साफ दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सदर निवासी नरेश लिखितकर की बेल बाजार में मोटर रिपेयरिंग की दुकान है। रोज की तरह वह रात में दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह उन्हें सूचना मिली कि दुकान के ताले टूटे पड़े हैं। मौके पर पहुंचने पर दुकान से बड़ी मात्रा में कॉपर वायर, कॉपर स्क्रैप और पीतल के बुश गायब मिले।
बताया जा रहा है कि चोरी हुए सामान का कुल वजन करीब 200 किलो है। व्यस्त व्यापारिक इलाके में हुई इस वारदात के बाद स्थानीय व्यापारियों में डर का माहौल है। व्यापारियों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
