Major Rescue Operation at Gulmarg Gondola Following Technical Glitch
जम्मू-कश्मीर: के मशहूर पर्यटन स्थल गुलमर्ग में सोमवार को गोंडोला केबल कार सिस्टम में तकनीकी खराबी आने से बेस स्टेशन और फेज-1 यानी कोंगडोरी के बीच सेवाएं अचानक रोकनी पड़ीं। खराब मौसम के बीच कई पर्यटक केबल कारों में फंस गए, जिसके बाद भारतीय सेना और SDRF ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
जम्मू-कश्मीर पुलिस और गोंडोला प्रबंधन प्राधिकरण से मदद की सूचना मिलते ही भारतीय सेना तुरंत सक्रिय हो गई। सेना की टीमों को प्रभावित इलाके में रवाना किया गया। बुटापथरी बटालियन की ओर से तीन कैजुअल्टी असिस्टेंस टीमें तैनात की गईं, जबकि कठिन पहाड़ी इलाके और खराब मौसम को देखते हुए सेना ने अपना ऑल-टेरेन व्हीकल यानी ATV भी राहत कार्य में लगाया।
इस अभियान में SDRF, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य नागरिक एजेंसियों ने भी सहयोग किया। इसके अलावा गुलमर्ग ATV एसोसिएशन की मदद से अतिरिक्त ATV भी लगाए गए ताकि फंसे हुए पर्यटकों को सुरक्षित निकाला जा सके। अधिकारियों के अनुसार गोंडोला सिस्टम को बहाल होने में समय लग सकता है।
शाम 5 बजकर 40 मिनट तक मिली जानकारी के अनुसार कुल 65 केबल कारें तकनीकी खराबी से प्रभावित हुई थीं। रेस्क्यू टीमों ने फेज-1 की ओर से 14 केबल कारों को खाली कराया, जिनसे 76 पर्यटकों को सुरक्षित निकाला गया। वहीं बेस स्टेशन की तरफ से 12 केबल कारों को खाली कराकर 72 लोगों को बाहर निकाला गया।
अब तक कुल 148 पर्यटकों को सुरक्षित बचाया जा चुका है। सेना, SDRF, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य एजेंसियों की ओर से राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। वहीं तकनीकी टीमें गोंडोला सिस्टम में आई खराबी के कारणों की जांच कर रही हैं।
