गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के चौरी चौरा थाना क्षेत्र में देर रात गैस सिलेंडरों से लदे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना ग्राम आमकोल की है, जहां आग की लपटें उठते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि, पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, 11 और 12 सितंबर की दरमियानी रात गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलते ही चौरी चौरा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। यदि आग समय रहते नहीं बुझाई जाती तो गैस सिलेंडरों के कारण बड़ा विस्फोट हो सकता था और भारी नुकसान होने की आशंका थी।
फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्टर : ज़फ़र खान
स्थान : गोरखपुर
