महोबा के कुलपहाड़ कस्बे में समाजवादी पार्टी द्वारा आयोजित पीडीए जन महापंचायत चरखारी विधानसभा से सपा टिकट के दावेदार डॉ. सनत राजपूत के नेतृत्व में हुई इस महापंचायत में कार्यकर्त्ता, पदाधिकारी, शुभचिंतक सहित गाँव से लोग जुटे। मुख्य अतिथि बबेरू विधायक विशंभर यादव ने कहा कि 2027 में सपा की पूर्ण बहुमत से सरकार बनने जा रही है।
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। महोबा जिले की चरखारी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी का टिकट मांग रहे डॉ. सनत राजपूत ने कुलपहाड़ कस्बे में एक पीडीए जन महापंचायत का आयोजन कराया। इस महापंचायत में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सपा के बबेरू विधायक विशंभर यादव ने संबोधित करते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में पीडीए जन महापंचायत के जरिए जनता को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार के विकास कार्यों और नेताजी मुलायम सिंह यादव के ऐतिहासिक फैसलों को याद दिलाया। साथ ही बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि 2027 में सपा की सरकार बनने पर महिलाओं के खाते में तत्काल 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कुलपहाड़ की यह महापंचायत इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश में सपा की लहर चल रही है।
वहीं, कार्यक्रम के आयोजक डॉ. सनत राजपूत विशाल जनसैलाब को देखकर भावुक नजर आए। उन्होंने पत्रकारों और जनता को संबोधित करते हुए कहा कि अपार जनसमूह के प्रेम ने उन्हें निशब्द कर दिया है। उन्होंने वर्तमान सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने और डर का माहौल बनाने का आरोप लगाया।
डॉ. सनत राजपूत ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता अब तानाशाही नीतियों से ऊब चुकी है और नई पीढ़ी के युवा भी बदलाव का मन बना चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि कुलपहाड़ में दिखा यह उत्साह कोई सामान्य लहर नहीं, बल्कि एक महालहर है, जो आगामी चुनाव में विरोधी दलों का सफाया कर देगी। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी 300 से अधिक सीटें जीतकर भारी बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।
रिपोर्ट: गुलाब सिंह कुशवाहा,महोबा उत्तर प्रदेश
