कुशीनगर पुलिस ने लूट की घटना का खुलासा करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटा गया सैमसंग मोबाइल, उसका टूटा हुआ कवर, 9100 रुपये नकद और मोबाइल के पार्ट्स बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पूछताछ के दौरान घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है।

मामला सेवरही थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार बीते 15 अगस्त को दिलीप सिंह अपनी पत्नी पम्मी पटेल और पुत्र आदर्श सिंह के साथ तमकुहीराज मेले में घूमकर रात करीब 10 बजे घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव अहिरौली हनुमान सिंह में दुर्गा माता मंदिर के पास दो अज्ञात बाइक सवारों ने पीछे से आकर दिलीप सिंह की पत्नी का हैंडबैग छीन लिया और फरार हो गए। हैंडबैग में 10 हजार रुपये नकद और एक सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल रखा हुआ था।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में फैज शेख, नजरे आलम और आमिर अली को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान एक आरोपी ने बताया कि उसने अपनी पत्नी को नया मोबाइल देने के लिए घटना को अंजाम दिया था। आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई रकम में से 9100 रुपये नकद और मोबाइल से संबंधित सामान बरामद किया गया है।
फिलहाल सेवरही पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस पूरे नेटवर्क और चोरी-लूट के अन्य मामलों में भी आरोपियों की संलिप्तता की जांच कर रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में शामिल आमिर अली कथित तौर पर चोरी के मोबाइलों को खोलकर उनके पार्ट्स अलग-अलग कर पश्चिम बंगाल में बेचने का काम करता था। पुलिस ने उसकी दुकान से 18 अदद खुले मोबाइल, बड़ी मात्रा में एंड्रॉयड मोबाइल पार्ट्स और कीपैड मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
रिपोर्ट: अहमद हुसैन
लोकेशन: कुशीनगर
