महोबा। जिले के कुलपहाड़ कस्बे में लगातार छह घंटे की मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण झांसी-मिर्जापुर हाईवे का करीब आधा किलोमीटर हिस्सा जलमग्न हो गया, जबकि मुख्य बाजार और रिहायशी इलाकों में पानी भरने से व्यापारियों और स्थानीय लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
लगातार बारिश के कारण बाजार की 200 से अधिक दुकानों और कई घरों में पानी घुस गया। रक्षाबंधन के त्योहार के लिए रखा गया कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स और सर्राफा कारोबार का लाखों रुपये का सामान पानी में डूबकर खराब हो गया। कई दुकानों में डेढ़ से दो फीट तक पानी भर जाने से व्यापारियों को स्वयं पानी निकालना पड़ा।
व्यापारियों का कहना है कि जलभराव के कारण फ्रिज, कूलर, वॉशिंग मशीन, कपड़े और अन्य सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। उनका आरोप है कि समय रहते नालों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था की जाती तो इतना बड़ा नुकसान नहीं होता।
बारिश के चलते हाईवे पर तीन से चार फीट तक पानी भर गया, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही और राहगीरों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। राजपूत कॉलोनी समेत कई रिहायशी क्षेत्रों में भी जलभराव से लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ।
सूचना मिलते ही नगर पंचायत ने जेसीबी मशीनों की मदद से बंद पड़े नालों की सफाई और हाईवे से पानी निकालने का कार्य शुरू कराया। हालांकि, व्यापारियों का कहना है कि यह कार्रवाई नुकसान होने के बाद की जा रही है।
पीड़ित व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने शासन-प्रशासन से जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने तथा हुए आर्थिक नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है।
