जालौन। लगातार हो रही बारिश के बीच कोंच क्षेत्र के ब्यौना गांव में श्मशान घाट की सुविधा न होने पर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। कैंसर से पीड़ित 38 वर्षीय अरविंद जाटव उर्फ रिंकू की मौत के बाद परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए करीब 10 किलोमीटर दूर खेरवार जाना पड़ा।
श्मशान घाट की व्यवस्था नहीं होने से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने महिला प्रधान सावित्री देवी के घर के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और गांव में बुनियादी सुविधाओं की कमी पर नाराजगी जताई।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने फोन पर एसडीएम को पूरे मामले की जानकारी देते हुए गांव में जल्द से जल्द श्मशान घाट की व्यवस्था कराने की मांग की। उनका कहना है कि वर्षों से इस समस्या को लेकर शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ।
प्रधान के घर के बाहर हुए प्रदर्शन से इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में श्मशान घाट का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी परिवार को अंतिम संस्कार के लिए ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।
