LPG Booking Rule Change Rumours Denied, Government Says Existing System Continues
नई दिल्ली: एलपीजी सिलेंडर बुकिंग के नियमों में बदलाव को लेकर फैल रही खबरों को केंद्र सरकार ने पूरी तरह खारिज कर दिया है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि बुकिंग प्रणाली में कोई बदलाव नहीं किया गया है और मौजूदा व्यवस्था पहले की तरह ही जारी रहेगी।
मंत्रालय के अनुसार, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया जा रहा था कि Pradhan Mantri Ujjwala Yojana (PMUY) कनेक्शन के लिए 45 दिन, गैर-पीएमयूवाई सिंगल सिलेंडर के लिए 25 दिन और डबल सिलेंडर के लिए 35 दिन की नई समयसीमा लागू की गई है। सरकार ने इन दावों को भ्रामक और पूरी तरह गलत बताया है।
सरकार ने साफ किया कि एलपीजी रीफिल बुकिंग की वर्तमान समयसीमा में कोई बदलाव नहीं हुआ है। शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन की समयसीमा सभी प्रकार के कनेक्शनों पर समान रूप से लागू है।
पेट्रोलियम मंत्रालय ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसी अफवाहों पर विश्वास न करें और न ही उन्हें आगे बढ़ाएं। साथ ही लोगों को अनावश्यक या घबराहट में गैस बुकिंग करने से बचने की सलाह दी गई है।
मंत्रालय ने यह भी भरोसा दिलाया है कि देश में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी तरह की कमी की स्थिति नहीं है। सभी रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं और हाल ही में बड़ी मात्रा में कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति भी की गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले यह दावा किया जा रहा था कि तेल कंपनियों ने नए नियम लागू कर दिए हैं, जिसके तहत डबल सिलेंडर धारकों को 35 दिन और उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को 45 दिन बाद सिलेंडर मिलेगा, लेकिन सरकार ने इन सभी दावों को निराधार बताया है।
