एटा। जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मजदूरी कर घर लौट रहे युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सुखबीर निवासी ग्राम नगला समल, थाना कोतवाली देहात के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मजदूरी का काम कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव अंबारी के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।
हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही वाहन और चालक की पहचान करने में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही फरार वाहन चालक का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक की लहर है। गांव में भी घटना को लेकर गम का माहौल बना हुआ है।
