लखीमपुर खीरी। निघासन क्षेत्र में तेंदुओं की बढ़ती गतिविधियों के बीच वन विभाग को एक और बड़ी सफलता मिली है। उत्तर निघासन रेंज के अंतर्गत मूर्तियां ग्राम पंचायत स्थित वीर बाबा स्थान के पास रविवार तड़के एक तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया। इसके साथ ही वन विभाग ने एक महीने के भीतर चौथे तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने में सफलता हासिल की है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 5 बजे वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में तेंदुआ फंस गया। तेंदुए के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, निघासन क्षेत्र में पिछले कुछ समय से तेंदुओं की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। इससे पहले 22 मई को कटैला फार्म, 25 मई को सहजना, 9 जून को भिड़ौरी और अब 21 जून को वीर बाबा स्थान के पास तेंदुआ पकड़ा गया है। एक महीने के भीतर चार तेंदुओं के पकड़े जाने को वन विभाग बड़ी उपलब्धि मान रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि रेंजर भूपेंद्र चौधरी, एसडीओ मनोज तिवारी और उनकी टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है। तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिलते ही वन विभाग तत्काल सक्रिय होकर पिंजरे लगाने और निगरानी की कार्रवाई शुरू कर देता है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और सहयोग करने की अपील की है। अधिकारियों ने लोगों को सलाह दी है कि शाम होने से पहले घर लौट आएं, छोटे बच्चों को अकेले खेतों या सुनसान क्षेत्रों में न भेजें तथा किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत विभाग को सूचना दें।
चौथे तेंदुए के पकड़े जाने के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि वन विभाग अभी भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
वन अधिकारियों का कहना है कि मानव और वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए विभाग पूरी गंभीरता से काम कर रहा है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।
