कुशीनगर। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बड़हरा बाबू गांव में दबंगों द्वारा एक घर में घुसकर तोड़फोड़ और उत्पात मचाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो CCTV कैमरे में कैद हो गया है, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
पीड़ित के अनुसार, कई लोग तलवार, त्रिशूल और अन्य हथियारों के साथ उसके घर में घुस आए और घर में रखे सामान को नुकसान पहुंचाया। इस दौरान आरोपियों ने घर में लगा CCTV कैमरा भी तोड़ दिया, हालांकि वारदात कैमरे में रिकॉर्ड हो चुकी थी।
पीड़ित जितेंद्र कुशवाहा का आरोप है कि हमलावर उसे जान से मारने की नीयत से घर में घुसे थे। उनका कहना है कि मामले में पुलिस ने मुकदमा तो दर्ज कर लिया है, लेकिन कुछ गंभीर धाराएं शामिल नहीं की गई हैं।
पीड़ित ने यह भी सवाल उठाया है कि जब घटना के वीडियो में आरोपियों के हाथों में हथियार साफ दिखाई दे रहे हैं, तो पुलिस उनकी बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी कब करेगी।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ित ने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई और न्याय की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
रिपोर्ट: सुभाष पटेल
स्थान: कप्तानगंज, कुशीनगर, उत्तर प्रदेश
