फिरोजाबाद। वार्ड नंबर 29 स्थित बघेल कॉलोनी और प्रकाश नगर की क्षेत्रीय जनता ने गली निर्माण को लेकर बंबा बाईपास पर जाम लगा दिया। बड़ी संख्या में महिलाएं सड़क पर उतर आईं और नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जताई।
क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि जिन गलियों का निर्माण प्रस्तावित नहीं था, उनका निर्माण पहले कराया जा रहा है, जबकि जिन गलियों के लिए स्थानीय लोग कई वर्षों से संघर्ष कर रहे हैं, उनकी ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। लोगों का कहना है कि वह लंबे समय से गड्ढों और जलभराव के बीच आवागमन करने को मजबूर हैं।
क्षेत्रीय जनता के मुताबिक, इस समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों, विधायक और महापौर से मुलाकात कर शिकायत की गई, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
लोगों की मुख्य चिंता यह है कि यदि आगे वाली प्रस्तावित गली का निर्माण पहले हो गया, तो पीछे की गलियां और भी नीचे चली जाएंगी और वहां जलभराव की समस्या बढ़ सकती है। उनका सवाल है कि यदि गलियों के निर्माण के लिए टेंडर जारी किया गया है, तो उनकी गलियों को भी इसमें शामिल क्यों नहीं किया गया।
जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी इंचार्ज काकरऊ कोठी, थाना उत्तर प्रभारी और क्षेत्राधिकारी ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्रीय जनता से बातचीत की और उन्हें समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया कि नगर निगम के अधिकारियों से इस मामले में वार्ता की जाएगी और क्षेत्रीय जनता की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
अब देखना होगा कि वर्षों से गली निर्माण की मांग कर रहे बघेल कॉलोनी और प्रकाश नगर के लोगों को नगर निगम की ओर से कब तक राहत मिलती है।
