झांसी के कटेरा थाना क्षेत्र के खिरक कंडोर गांव में तड़के पुलिस ने बड़े स्तर पर छापेमारी अभियान चलाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई कथित साइबर क्राइम से जुड़े मामले में की गई।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच हुई इस कार्रवाई में लगभग 100 लोगों को हिरासत में लिया गया है। हिरासत में महिलाओं के भी शामिल होने की सूचना है।
कार्रवाई के दौरान कई थानों की पुलिस, साइबर क्राइम टीम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। गांव की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन का भी इस्तेमाल किया गया। सूत्रों के मुताबिक, पूरे अभियान की निगरानी झांसी रेंज के आईजी स्तर से की गई।
हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक इस कार्रवाई को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले में हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या, कार्रवाई का कारण और आगे की कानूनी प्रक्रिया को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
