उज्जैन। इस्कॉन उज्जैन में 29 जून को भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा महारानी का स्नान पूर्णिमा महोत्सव भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष यह आयोजन मध्यप्रदेश सरकार के जलगंगा संवर्द्धन अभियान के समापन उत्सव के रूप में भी मनाया जाएगा।
आयोजन के दौरान प्रदेशभर की पवित्र नदियों, सरोवरों और तीर्थों के जल से भगवान श्री जगन्नाथ का महाअभिषेक किया जाएगा। इस आयोजन को जल संरक्षण, जल संवर्धन और सनातन संस्कृति के संदेश से जोड़कर देखा जा रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7:30 बजे पांडु-विजय कीर्तन से होगी। इसके बाद भगवान का दिव्य अभिषेक, हरिनाम संकीर्तन और महाप्रसाद वितरण किया जाएगा। श्रद्धालुओं को अपने हाथों से भगवान जगन्नाथ का अभिषेक करने का दुर्लभ अवसर भी मिलेगा।
महाअभिषेक के बाद भगवान जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा महारानी के दिव्य गजवेश दर्शन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेंगे। वहीं शाम को इस्कॉन के वरिष्ठ संत परम पूज्य भक्ति चारू स्वामी महाराज की 49वीं संन्यास वर्षगांठ भी श्रद्धापूर्वक मनाई जाएगी।
इस्कॉन प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से पारंपरिक भारतीय वेशभूषा में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। आयोजन में मध्यप्रदेश की 108 रथ यात्राओं में उपयोग होने वाले रथों का प्रदर्शन तथा बच्चों के लिए तैयार किए गए विशेष छोटे रथ भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
आयोजकों के अनुसार, यह महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का भी संदेश देगा।
