दतिया। थाना कोतवाली पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता से 6 वर्षीय बालिका हर्षिता को सकुशल उसके परिजनों से मिला दिया गया।
जानकारी के अनुसार, हर्षिता नाम की मासूम अपने माता-पिता से बिछड़कर राजगढ़ चौराहे तक पहुंच गई थी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बालिका को सुरक्षित संरक्षण में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई और त्वरित प्रयास करते हुए बालिका के परिजनों का पता लगा लिया। आवश्यक सत्यापन के बाद मासूम को सकुशल उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
बेटी को सुरक्षित पाकर परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने दतिया पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशील कार्यशैली और जनसेवा की सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में दतिया पुलिस जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा और जनसेवा के लिए लगातार सक्रिय है।
