Innocent Child Loses Life While Playing; Tragic Accident Captured on CCTV
मुजफ्फरनगर: जनपद के मीरापुर थाना क्षेत्र स्थित मुस्तर्क कॉलोनी में खेल-खेल में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। यहां छह वर्षीय मासूम आहाद की ठेले से खेलते समय हुई दुर्घटना में मौत हो गई। घटना का पूरा मंजर पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार आहाद अपने मोहल्ले के अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान बच्चे एक ठेले को धक्का देकर खेल रहे थे। बताया गया कि अचानक ठेला तेजी से आगे बढ़ा और आहाद ठेले तथा दीवार के बीच फंस गया। हादसे में उसकी गर्दन पर गंभीर चोट लगी।
घटना के बाद आसपास मौजूद बच्चों में अफरा-तफरी मच गई और परिजन तुरंत आहाद को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां गंभीर चोट के चलते 6 वर्षीय आहद की दुखद मृत्यु हो गई।
बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया गया है कि परिजनों ने मामले में किसी प्रकार की पुलिस शिकायत नहीं की, जिसके बाद परिवार द्वारा बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद लोग इसे कुछ सेकंड की लापरवाही का दर्दनाक परिणाम बता रहे हैं।
इस हादसे ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि बच्चों के खेलते समय अभिभावकों की निगरानी बेहद जरूरी है, क्योंकि छोटी सी असावधानी भी बड़ा हादसा बन सकती है।
