नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार, 2 अगस्त को उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, मध्य प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज आंधी की संभावना है। कुछ इलाकों में बिजली गिरने और जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।
उत्तर प्रदेश के मेरठ, आगरा, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या समेत कई जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं बिहार के पटना, गया, दरभंगा, पूर्णिया, किशनगंज और भागलपुर सहित कई जिलों में भी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत जैसे पहाड़ी जिलों में भारी बारिश और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, शिमला, कुल्लू और सोलन में भी तेज बारिश की संभावना है।
इसके अलावा झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, गुजरात और जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भी तेज बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं की रफ्तार 60 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। जिन क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, वहां जलभराव और स्थानीय बाढ़ जैसी स्थिति भी बन सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा और भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इसलिए लोगों को मौसम विभाग की सलाह का पालन करने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।
