सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के मिश्रिख में आयोजित बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के कार्यकर्ता सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी देखने को मिली। सम्मेलन में पार्टी नेताओं ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। इस दौरान बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने मिश्रिख विधानसभा (सुरक्षित) सीट से अभिलाषा वर्मा को पार्टी का आधिकारिक प्रत्याशी घोषित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व राज्यसभा सांसद मुनकाद अली ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल मौजूद रहे। सम्मेलन में हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और पार्टी के समर्थन में उत्साह दिखाई दिया।
अपने संबोधन में विश्वनाथ पाल ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर बसपा की नीतियों और विचारधारा को जनता तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि कार्यकर्ता अभी से चुनावी तैयारियों में पूरी मजबूती के साथ जुट जाएं।
सम्मेलन के दौरान विश्वनाथ पाल ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए मिश्रिख विधानसभा (सुरक्षित) सीट से अभिलाषा वर्मा को बसपा प्रत्याशी घोषित किया। प्रत्याशी की घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं ने तालियों और नारों के साथ उनका स्वागत किया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे एकजुट होकर अभिलाषा वर्मा को भारी मतों से विजयी बनाने के लिए मेहनत करें और उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी की सरकार बनाने के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ें।
मिश्रिख में आयोजित इस सम्मेलन में उमड़ी भीड़ ने बसपा की चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक सक्रियता की झलक पेश की। अब सभी की निगाहें 2027 के विधानसभा चुनाव पर टिकी हैं, जहां मिश्रिख सीट पर मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना है।
रिपोर्ट: नन्द किशोर नाग, सीतापुर
