रामपुर: जिले में करीब एक घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सड़कों और गलियों में पानी भर जाने से आम लोगों के साथ-साथ स्कूल से लौट रहे बच्चों, अभिभावकों और दुकानदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
शहर के झूले वाली इमली, चौकी पाखड़, जेल रोड समेत कई प्रमुख इलाकों की सड़कें पानी से लबालब हो गईं। जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका द्वारा नियमित सफाई कराए जाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद कई नाले और नालियां जाम हैं। लोगों का आरोप है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में शहर के कई हिस्सों में पानी भर जाता है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले हुई भारी बारिश के दौरान एक 8 वर्षीय मासूम की नाले में गिरने से मौत हो गई थी। इस घटना के बाद भी जल निकासी व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है।
नागरिकों ने नगर पालिका से शहर के बड़े नालों और नालियों की दोबारा व्यापक सफाई कराने तथा जलभराव की स्थायी समस्या का समाधान करने की मांग की है, ताकि भविष्य में लोगों को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।
रिपोर्ट: आबिद हुसैन, 4TV न्यूज़, रामपुर
