Hay-Laden Tractor Trolley Catches Fire After Contact With Hanging Power Lines
ओवरलोड पुआल से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगी आग, ग्रामीणों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
शिवनंदनपुर। नगर पंचायत शिवनंदनपुर के मिलन चौक क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पुआल (पैरा) से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया, हालांकि ग्रामीणों की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली में बड़ी मात्रा में पुआल लोड कर परिवहन किया जा रहा था। इसी दौरान ट्रॉली में भरा पुआल सड़क किनारे लटक रहे बिजली के तारों के संपर्क में आ गया, जिससे अचानक आग भड़क उठी।
बताया जा रहा है कि ट्रॉली में क्षमता से अधिक पुआल लदा हुआ था, जबकि मार्ग पर बिजली के तार भी काफी नीचे लटके हुए थे। प्रारंभिक तौर पर इन्हीं कारणों को आग लगने की वजह माना जा रहा है।
आग लगते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी तथा अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, जिससे ट्रैक्टर और आसपास के क्षेत्र को बड़े नुकसान से बचा लिया गया।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पुआल से भरी ट्रॉली से उठती आग की लपटें और आग बुझाने में जुटे ग्रामीण दिखाई दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से लटकते तारों की समस्या का समाधान करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। समय रहते आग पर नियंत्रण होने से एक बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
