Hardoi Child Murder Case Solved: ₹50,000 Reward Accused Killed After Police Encounter
Hardoi के मल्लावां थाना क्षेत्र में 7 वर्षीय मासूम की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी मेनूर उर्फ नूर उर्फ मेहनुद्दीन को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया, जिसकी बाद में इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई।
यह सनसनीखेज मामला 5 मई का है, जब ग्राम मटियामऊ के पास मक्का के खेत में 7 साल के बच्चे का शव बरामद हुआ था। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं और आरोपी पर Uttar Pradesh Police द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह हुई मुठभेड़ में आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस कार्रवाई में वह घायल हो गया। इस दौरान एसओजी प्रभारी राजेश कुमार भी गोली लगने से घायल हुए हैं, जिनका इलाज जिला अस्पताल हरदोई में चल रहा है।
आरोपी के कब्जे से 32 बोर पिस्टल, .315 बोर तमंचा, मोटरसाइकिल और जिंदा व खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर अलग-अलग जिलों में करीब एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने मासूम का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि घटना को भटकाने के लिए आरोपी ने चोरी के सिम कार्ड से फिरौती कॉल भी की थी, ताकि जांच दूसरी दिशा में चली जाए।
फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
