हापुड़। रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश सरकार की महिलाओं के लिए निःशुल्क बस यात्रा योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की पहल का सजीव प्रसारण दिखाया गया और महिलाओं को “मातृशक्ति सम्मान” के तहत साड़ी एवं मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि 27 अगस्त 2026 से 29 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की सभी बसों में माताओं, बहनों और बेटियों को एक सहयात्री सहित निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की गई है।
मंत्री ने यह भी कहा कि 29 अगस्त 2026 के बाद 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं को आजीवन निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यात्रा के दौरान पात्र महिलाओं को पहचान के लिए आधार कार्ड साथ रखना होगा।
उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य केवल निःशुल्क यात्रा उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि मातृशक्ति को सम्मान देना, महिलाओं की शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और पारिवारिक आवागमन को आसान बनाना है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, जिलाधिकारी कविता मीना, पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष कविता माधरे, एआरएम रोडवेज, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। महिलाओं ने सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे रक्षाबंधन का विशेष उपहार बताया।
रिपोर्ट: मोनिश खान, हापुड़
