गाजीपुर। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोहम्मदाबाद और नोनहरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। चर्चित मोहम्मदाबाद किडनैपिंग मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त की रात मोहम्मदाबाद थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान तिवारीपुर मोड़ से गौसपुर की ओर मोटरसाइकिल से जा रहे दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों आरोपी बाइक लेकर कठवा मोड़ की तरफ भाग निकले।
पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगा गोली
कंट्रोल रूम को सूचना मिलने के बाद पुलिस की विभिन्न टीमों ने इलाके की घेराबंदी कर दी। गौसपुर हवाई पट्टी के पास खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई।
घायल आरोपी की पहचान विजयी पुत्र छोटेलाल (34 वर्ष) निवासी बढ़ईपुरा, थाना मोहम्मदाबाद, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। वह मोहम्मदाबाद किडनैपिंग मामले में वांछित था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
एक आरोपी फरार, तलाश जारी
पुलिस ने घायल आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मोहम्मदाबाद भेज दिया। वहीं, उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
तमंचा और बाइक बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
