गाजियाबाद। वेव सिटी थाना पुलिस ने 24 लाख 85 हजार रुपये की लूट के मामले का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 10 लाख 5 हजार 310 रुपये नकद, दो अवैध तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की एक स्प्लेंडर बाइक बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त को मेरठ निवासी गिलमान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दिल्ली-मेरठ रोड पर स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर तमंचे के बल पर 24.85 लाख रुपये लूट लिए थे।
मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने करीब 500 से 600 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मोबाइल लोकेशन सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान 25 अगस्त को बदमाशों के आने की सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान दो आरोपी पकड़े गए, जबकि बाद में तीन अन्य आरोपियों को भी लूट की रकम के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने और पहले से रेकी करने की बात स्वीकार करने का दावा किया है।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
