एटा (उत्तर प्रदेश): एटा में पटाखा गोदामों की जांच के दौरान प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित एक पटाखा गोदाम को सीज कर दिया। निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, सीओ सिटी कीर्तिका सिंह के नेतृत्व में पुलिस, प्रशासन और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के पटाखा गोदामों का निरीक्षण किया। इसी दौरान श्याम जी पटाखा गोदाम में नियमों के उल्लंघन और अन्य अनियमितताएं सामने आने पर अधिकारियों ने तत्काल गोदाम को सील कर दिया।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित प्रकरण में अभियोग दर्ज कराया है। पुलिस ने भी वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के मद्देनजर जिले में पटाखा गोदामों और लाइसेंसधारकों की नियमित जांच अभियान जारी रहेगा। सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर: कुनाल सिंह सोलंकी
स्थान: एटा, उत्तर प्रदेश
