गाजियाबाद/दिल्ली: क्रिकेट के प्रति जुनून और अपने पसंदीदा खिलाड़ी से मिलने की चाह ने ओडिशा के रहने वाले अमित को करीब 1,450 किलोमीटर लंबी साइकिल यात्रा करने के लिए प्रेरित किया। कई राज्यों का सफर तय करने के बाद अमित पहले गाजियाबाद पहुंचे, जहां उनकी मुलाकात पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना से नहीं हो सकी। हालांकि, इसके बाद जो हुआ, उसने उनकी इस यात्रा को यादगार बना दिया।
जानकारी के अनुसार, अमित साइकिल से ओडिशा से गाजियाबाद पहुंचे थे। यहां सुरेश रैना की अनुपस्थिति में उनके भाई दिनेश रैना ने अमित की बात सुरेश रैना से कराई। इसके बाद अमित दिल्ली पहुंचे, जहां उनकी मुलाकात आखिरकार अपने पसंदीदा क्रिकेटर से हुई।
मुलाकात के दौरान सुरेश रैना ने अमित से आत्मीयता के साथ बातचीत की, उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और उनकी मेहनत व जुनून की सराहना की। रैना ने अमित की घर वापसी के लिए हवाई यात्रा का टिकट कराने की भी पेशकश की।
हालांकि, अमित ने विनम्रता से कहा कि उन्होंने कभी हवाई यात्रा नहीं की है और वह ट्रेन से सफर करना अधिक सहज समझते हैं। इसके बाद सुरेश रैना ने उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए आर्थिक सहायता प्रदान की, ताकि उनकी घर वापसी का सफर आसान हो सके।
अपने पसंदीदा क्रिकेटर से मुलाकात और उनके स्नेहपूर्ण व्यवहार से उत्साहित अमित अब सुनहरी यादों के साथ अपने घर ओडिशा लौट रहे हैं। उनकी यह यात्रा खेल प्रेम, समर्पण और प्रेरणा की एक मिसाल बन गई है।
रिपोर्टर: बिजेंद्र भारती
स्थान: मोदीनगर, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश)
