Fire Breaks Out in Rajdhani Express Near Ratlam
रतलाम: तिरुवनंतपुरम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस में रविवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। हादसा मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में लूनी और आलोट रेलवे स्टेशन के बीच कोटा रेल मंडल क्षेत्र में हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 5:15 बजे ट्रेन की दो बोगियों में धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद देखते ही देखते आग फैल गई। घटना के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।
रेलवे अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग प्रभावित दोनों बोगियों को बाकी ट्रेन से अलग कर दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।
कोटा रेल मंडल के पीआरओ के अनुसार रेलवे का स्वास्थ्य विभाग और राहत टीम भी मौके के लिए रवाना कर दी गई है। फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि अभी तक किसी यात्री के घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं है। रेलवे प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच में जुट गया है।
