फतेहपुर। जिले में गोकशी के मामले में वांछित आरोपियों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। खागा और हथगांव थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गोकशी में इस्तेमाल होने वाले औजारों के साथ एक तमंचा और कारतूस बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, 24 और 25 अगस्त की दरमियानी रात खागा थाना क्षेत्र में ससुर खदेरी नदी के पास बरकतपुर गांव के जंगल में चेकिंग के दौरान गोकशी के मुकदमे में वांछित आरोपी शहजादे की घेराबंदी की गई। इस दौरान हुई मुठभेड़ में शहजादे के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
वहीं, मौके से भाग रहे शहजादे के 28 वर्षीय बेटे सीबू उर्फ शहबाज आलम को पुलिस ने पीछा कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का दावा है कि आरोपियों के कब्जे से 6 चाकू, 2 कुल्हाड़ियां, एक चापड़, दो सान वाले पत्थर, गोवंश को बांधने की रस्सी और सीकड़ बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस भी बरामद होने की बात कही गई है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के खिलाफ फतेहपुर सहित अन्य जनपदों में 13 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस उनके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
