जालौन। जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, किसान मान सिंह अपने खेत में फसल को आवारा पशुओं से बचाने के लिए तार लगाने हेतु खंभे गाड़ रहे थे। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई। तभी तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से मान सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। जब वे खेत पर पहुंचे तो मान सिंह अचेत अवस्था में पड़े मिले और उनका शरीर बुरी तरह झुलस चुका था। परिजन उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुठौंद लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
