इटावा। इटावा के सैफई थाना क्षेत्र में एक पार्क में युवक के साथ बैठी युवती की उसके परिजनों द्वारा कथित तौर पर पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सैफई तहसील के सामने विशाल हनुमान जी की प्रतिमा के पास बने पार्क में मैनपुरी जनपद के करहल से आए एक युवक और युवती आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान इसकी जानकारी युवती के परिजनों को मिल गई।
आरोप है कि मौके पर पहुंचे परिजनों ने दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना के दौरान पार्क में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
वायरल वीडियो में युवती कथित तौर पर यह कहते हुए दिखाई दे रही है कि वह अपनी मर्जी से युवक के साथ आई थी और दोनों कई महीनों से एक-दूसरे को जानते हैं।
सूचना मिलते ही सैफई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। फिलहाल वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
