Fake Anti-Corruption Officer Arrested For ₹29.50 Lakh Fraud In Datia
दतिया। दतिया जिले में खुद को एंटी करप्शन विभाग का अधिकारी बताकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को सिविल लाइन थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक युवक से 29 लाख 50 हजार रुपये वसूलने और लगातार पैसों की मांग करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, फरियादी प्रियांश सिंघल की शिकायत पर मामले की जांच शुरू की गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि एक व्यक्ति स्वयं को एंटी करप्शन विभाग का अधिकारी बताकर सोने की पर्ची के हिसाब-किताब और कार्रवाई का डर दिखाते हुए अलग-अलग किस्तों में 29.50 लाख रुपये ले चुका है।
पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार शिवहरे के मार्गदर्शन और एसडीओपी आकांक्षा जैन के नेतृत्व में सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले की जांच की। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने झिरका बाग क्षेत्र से आरोपी मनीष गुबरेले (31) निवासी ग्राम अमीटा, थाना ऐटा, जिला जालौन (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अल्टो कार, तीन स्टार लगी वर्दी तथा विभिन्न विभागों के लेटर पैड भी बरामद किए हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपी इन सामग्रियों का उपयोग लोगों को झांसे में लेने और खुद को अधिकारी साबित करने के लिए करता था।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है। पूछताछ के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने अन्य लोगों को भी इसी तरह ठगी का शिकार बनाया है या नहीं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी लंबे समय से फरियादी को डराकर रकम वसूल रहा था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क, उसकी गतिविधियों और संभावित अन्य पीड़ितों के संबंध में भी जांच कर रही है।
