इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में नेशनल हाईवे पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इकदिल फ्लाईओवर के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने एक डंपर में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक चालक समेत तीन लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, थाना इकदिल क्षेत्र के नेशनल हाईवे स्थित इकदिल फ्लाईओवर पर एक डंपर में मोरम भरी जा रही थी। इसी दौरान डंपर के अचानक ब्रेक लगाने पर पीछे से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक उससे टकरा गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
हादसे में कुल तीन लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
रिपोर्ट: कुलदीप राजपूत
स्थान: इटावा, उत्तर प्रदेश
