एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला अपने पति के साथ छह माह की बच्ची को दवा दिलाने बाइक से एटा आ रही थी। हादसे के बाद पूरे परिवार में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शिवानी (21 वर्ष) अपने पति और छह माह की बच्ची के साथ बाइक से एटा आ रही थीं। कोतवाली नगर क्षेत्र के अलीगंज रोड स्थित मंडी समिति के पास अचानक सामने आए एक वाहन को बचाने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया।
संतुलन बिगड़ने से शिवानी सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। छह माह की मासूम बच्ची के सिर से मां का साया उठ गया, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
रिपोर्ट: कुनाल सिंह सोलंकी
स्थान: एटा, उत्तर प्रदेश
