बागपत: सावन माह में बागपत के प्रसिद्ध पुरा महादेव मंदिर में एक अनोखी कांवड़ यात्रा चर्चा का विषय बनी हुई है। राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाने की मनोकामना लेकर एक ही परिवार की तीन पीढ़ियां कांवड़ लेकर मंदिर पहुंचीं।
जानकारी के अनुसार, पूर्व फौजी सुभाष चंद कश्यप अपने पिता जगदीश प्रसाद कश्यप और बेटे लक्ष्मण कश्यप के साथ हरिद्वार की हर की पैड़ी से गंगाजल लेकर पुरा महादेव मंदिर पहुंचे। उनकी कांवड़ में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तस्वीर भी लगाई गई थी।
सुभाष चंद कश्यप ने बताया कि वह भगवान भोलेनाथ से राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने की प्रार्थना कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक उनकी यह मनोकामना पूरी नहीं होती, तब तक वे हर साल कांवड़ यात्रा करते रहेंगे।
उन्होंने कहा, “हम तीन पीढ़ियां मिलकर कांवड़ ला रहे हैं। हमारी कामना है कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनें। जब तक यह इच्छा पूरी नहीं होगी, तब तक हम कांवड़ लाते रहेंगे।”
यह अनोखी कांवड़ यात्रा श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। बड़ी संख्या में लोगों ने इस अलग अंदाज की कांवड़ यात्रा को देखा और इसकी चर्चा की। फिलहाल यह यात्रा क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
