कुशीनगर: कसया थाना क्षेत्र के चुरामन छपरा गांव में 22 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से हत्या किए जाने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने गोबरही चौराहे पर शव रखकर करीब पांच घंटे तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मोहित मधेशिया (22) पुत्र योगेंद्र मधेशिया के रूप में हुई है। आरोप है कि मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे अज्ञात हमलावर मकान के पीछे से घर में घुसे और सो रहे मोहित पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। परिजनों का दावा है कि वारदात के बाद आरोपी शव को पीछे के रास्ते से ले जाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन शोर होने पर शव छोड़कर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने गोबरही चौराहे पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते कई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की।
सूचना पर उपजिलाधिकारी विवेक कुमार मिश्रा, क्षेत्राधिकारी डॉ. अजय कुमार सिंह, तहसीलदार धर्मवीर सिंह तथा थाना प्रभारी इत्यानंद नंद पांडेय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने को लेकर नोकझोंक भी हुई। बाद में पुलिस ने समझाइश और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मोहित चार भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। वह परिवार के साथ खेती और राइस मिल का काम करता था। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। अज्ञात हमलावरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं। इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
