चित्रकूट। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान-2026 के तहत चित्रकूट जनपद के विभिन्न विद्यालयों में तिरंगा यात्रा और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देशन में राजकीय बालिका विद्यालय राजापुर, प्राथमिक विद्यालय पहाड़ी, प्राथमिक विद्यालय सेशा, प्राथमिक विद्यालय रामनगर सहित कई विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली।
तिरंगा यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता से जुड़े नारे लगाए तथा लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देशप्रेम का संदेश दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और आम नागरिकों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी गई। साथ ही स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान-2026 में बढ़-चढ़कर भाग लें और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
